मो. अनस सिद्दीकी
नई दिल्ली। भाजपा शासित सिविल लाइन निगम ज़ोन में भ्रष्टाचार की जड़े कितनी मज़बूत है इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि बुराड़ी निगम वार्ड में बन रही दो अवैध इमारतों को सिविल लाइन निगम जोन उपायुक्त जगदीप छिल्लर ने ” शो कॉज़ नोटिस ” भेजा। लेकिन भ्रष्टाचार का आलम यह है कि बिल्डिंग विभाग ने कोई क़ानूनी कार्यवाही नहीं की। बल्कि दोनों इमारते बन कर तैयार हो गई है।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम स्थित सिविल लाइन ज़ोन के बुराड़ी निगम वार्ड में अवैध निर्माण का बोलबाला है। बुराड़ी मुख्य मार्ग 100 फूटा रोड कौशिक एन्क्लेव ए-ब्लाक खसरा नंबर-48/24 में अवैध तरीके से दो मंज़िला का निर्माण किया जा रहा था। तीन-तीन मंज़िला अवैध इमारतों का निर्माण कर रहे अनुज त्यागी और महेश कुमार को सिविल लाइन जोन उपायुक्त जगदीप छिल्लर ने 22 जनवरी 2018 को अवैध निर्माण करने के कारण दिल्ली नगर निगम अधिनियम 1957 के तहत अंडर सेक्शन 345-ए की कार्यवाही की और u/s 343/344 का नोटिस जारी किया। जोन उपायुक्त जगदीप छिल्लर ने ” शो कॉज़ नोटिस ” में बिल्डिंग को अवैध निर्माण बताया और क़ानूनी कार्यवाही करते हुये तोड़ने के आदेश दिये। इस आदेश का फ़ाइल नंबर 333/C-7/B-1/UC/CLZ/dated 07/12/2017 भी दिया गया।
अब दुखद बात यह है कि इसके बाद निगम ने कोई क़ानूनी कार्यवाही करना जरुरी नहीं समझा। खानापूर्ति करके अवैध बिल्डिंग को बनने दिया। मौजूदा समय में दोनों अवैध बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है और निगम को अंगूठा दिखा रही है। वही इस दौरान निगम बिल्डिंग विभाग ने कई छोटे-छोटे मकानों पर कार्यवाही कर खानापूर्ति की।
इस बाबत जा क्षेत्रीय पार्षद अनिल त्यागी से बात की तो उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण करने वालो को नोटिस जब उपायुक्त महोदय ने दिया है तो उस पर मैं क्या टिप्पणी करुं। इसका जवाब और कार्रवाई तो उपायुक्त ही दे सकते है। रही बात मेरी तो मैं अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए हूं। मेरे पास साफ सफाई, नाली और सड़कों का काम है। एक पार्षद यही काम करा सकता है। मैं न तो अवैध निर्माण करवा सकता हूं और न तुड़वा सकता हूं। बाकी आप मुझ से आकर मेरे आफिस में मिल सकते है।
खबर के सिलसिले में क्षेत्रीय उपायुक्त जगदीप छिल्लर से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नही हो सकी।